उत्तर कोरिया ने रविवार को समुद्र की ओर कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया की सेना ने इसकी जानकारी दी। यह प्रक्षेपण उत्तर कोरिया की ओर से परमाणु प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और अमेरिका की कथित ‘शत्रुतापूर्ण गतिविधियों’ का जवाब देने की चेतावनी के दो दिन बाद हुआ है।
दक्षिण कोरियाई सेना के मुताबिक, उत्तर कोरिया से दागी गई एक मिसाइल ने पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर करीब 450 किलोमीटर की दूरी तय की। कुछ घंटे बाद सेना ने बताया कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से एक और मिसाइल दागी है। हालांकि, इस दूसरे प्रक्षेपण को लेकर अधिक जानकारी साझा नहीं की गई।
दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपणों को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से कार्रवाई की अपील की है। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उत्तर कोरिया को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत प्रतिबंधित बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपणों को तत्काल रोकना चाहिए।
और पढ़ें: उत्तर कोरिया ने परमाणु दर्जे को बताया अपरिवर्तनीय, IAEA के प्रस्ताव को किया खारिज
दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि उसने निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। साथ ही, मिसाइल प्रक्षेपणों की निगरानी और आकलन के लिए अमेरिका तथा जापान के साथ करीबी समन्वय के तहत सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
दक्षिण कोरिया की सेना ने यह भी कहा कि वह अमेरिका के साथ अपने मजबूत सैन्य गठबंधन के तहत उत्तर कोरिया की किसी भी संभावित उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी रविवार सुबह उत्तर कोरिया की एक संदिग्ध मिसाइल का पता लगाने की पुष्टि की। हालांकि, जापान के मुताबिक यह हथियार उसके क्षेत्रीय जलक्षेत्र में नहीं गिरा।
इससे पहले सितंबर की शुरुआत में उत्तर कोरिया ने मिसाइलों, तोपखाने और ड्रोन को शामिल करते हुए एक संयुक्त सैन्य अभ्यास किया था। यह अभ्यास अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के पांच दिवसीय त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास के समापन के एक दिन बाद हुआ था। उत्तर कोरिया ने उस अभ्यास को उकसावे वाली कार्रवाई बताया था।
उत्तर कोरिया ने कहा था कि उसके अभ्यास में विभिन्न प्रकार के हथियारों का एक साथ परीक्षण किया गया, जिसका उद्देश्य दक्षिण कोरिया और अमेरिका की हवाई सुरक्षा को भेदने की क्षमता विकसित करना था।
और पढ़ें: अमेरिका-दक्षिण कोरिया-जापान सैन्य अभ्यास के बाद उत्तर कोरिया ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें