एप्पल के सबसे बड़े लॉन्च इवेंट्स का चेहरा रहे टिम कुक इस बार मंच के बजाय दर्शक दीर्घा में नजर आ सकते हैं। 9 सितंबर को होने वाले एप्पल के बड़े इवेंट में आईफोन 18 प्रो सीरीज समेत कई नए उत्पाद पेश किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, इस बार लॉन्च की कमान नए सीईओ जॉन टर्नस संभाल सकते हैं।
टिम कुक एक दशक से अधिक समय तक एप्पल के प्रमुख लॉन्च कार्यक्रमों में मंच से नए उत्पाद पेश करते रहे हैं। लेकिन 1 सितंबर से उनकी जिम्मेदारियां जॉन टर्नस को सौंप दी गई हैं। कुक अब कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में हैं और एप्पल से अलग नहीं हुए हैं।
पहली बार आईफोन लॉन्च की अगुवाई करेंगे टर्नस
रिपोर्ट के मुताबिक, टिम कुक इवेंट में मौजूद रह सकते हैं, लेकिन उनके मुख्य वक्ता के रूप में मंच संभालने की संभावना कम है। इसके बजाय जॉन टर्नस पहली बार सीईओ के तौर पर आईफोन लॉन्च की अगुवाई करेंगे।
और पढ़ें: अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान इंजन में खराबी के बाद कोच्चि लौटी, हवा में तेजी से घटा तेल
टर्नस ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में आगामी कार्यक्रम को शानदार बताया है। एप्पल के इवेंट की थीम “सरप्राइज एंड शाइन” रखे जाने से भी नए उत्पादों को लेकर उत्सुकता बढ़ी है।
आईफोन 18 प्रो में क्या होगा खास?
इवेंट में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स पेश किए जाने की उम्मीद है। सामान्य आईफोन 18 मॉडल बाद में लॉन्च हो सकता है। प्रो मॉडल में बेहतर कैमरा, वेरिएबल-अपर्चर मुख्य कैमरा, नया A20 प्रो चिप, नए रंग और बड़ी बैटरी मिलने की चर्चा है।
डायनेमिक आइलैंड के आकार को भी थोड़ा छोटा किए जाने की संभावना है। हालांकि, डिजाइन आईफोन 17 प्रो से काफी मिलता-जुलता रह सकता है।
रिपोर्टों के अनुसार, बढ़ी स्टोरेज लागत के कारण अमेरिका में कीमत करीब 100 डॉलर बढ़ सकती है। भारत में आईफोन 17 प्रो की शुरुआती कीमत 1,34,900 रुपये थी, इसलिए संभावित बढ़ोतरी का असर भारतीय खरीदारों पर भी पड़ सकता है।
फोल्डेबल आईफोन बन सकता है सबसे बड़ा सरप्राइज
एप्पल पहली बार फोल्डेबल आईफोन भी पेश कर सकता है। अफवाहों के मुताबिक इसे आईफोन अल्ट्रा नाम दिया जा सकता है। इसमें किताब या पासपोर्ट की तरह खुलने वाला डिजाइन, बड़ी अंदरूनी स्क्रीन और टाइटेनियम हिंज मिलने की उम्मीद है। इसकी अनुमानित अमेरिकी कीमत 2,299 डॉलर बताई जा रही है।
इसके अलावा एप्पल वॉच सीरीज 12, वॉच अल्ट्रा 4 और एयरपॉड्स 5 भी लॉन्च हो सकते हैं।
9 सितंबर का कार्यक्रम केवल नए आईफोन का लॉन्च नहीं, बल्कि एप्पल के प्रमुख मंच पर नेतृत्व में बदलाव का भी संकेत देगा।
और पढ़ें: 2027 वनडे विश्व कप से पहले केविन पीटरसन बने इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के विशेषज्ञ मेंटर