अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ओर जहां ईरान के साथ समझौते की उम्मीद जताई है, वहीं दूसरी ओर कड़ी चेतावनी भी दी है। रविवार को ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार तक समझौता होने की “अच्छी संभावना” है, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह “सब कुछ उड़ा देने” पर विचार कर सकते हैं।
ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि कल समझौते की अच्छी संभावना है, बातचीत जारी है। लेकिन अगर समझौता नहीं हुआ तो मैं सब कुछ नष्ट करने और तेल पर कब्जा करने पर विचार करूंगा।”
ट्रंप का यह बयान उस धमकी के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता है तो अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बना सकता है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां से लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल गुजरता है।
और पढ़ें: 48 घंटे में सब कुछ तबाह हो जाएगा: होर्मुज़ बंदी पर ट्रंप की ईरान को नई चेतावनी
ईरान द्वारा इस मार्ग को बंद किए जाने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है और तेल आपूर्ति बाधित हुई है। इसी को लेकर अमेरिका लगातार दबाव बना रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले ईरान को 6 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया था कि वह या तो इस मार्ग को खोल दे या फिर गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
हालांकि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। अब सबकी नजर सोमवार पर टिकी है, जब यह स्पष्ट होगा कि समझौता होता है या हालात और बिगड़ते हैं।
और पढ़ें: ट्रंप का बयान—अमेरिकी विमान गिरने से ईरान से वार्ता प्रभावित नहीं होगी