अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने क्यूबा को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह देश गंभीर मानवीय संकट से गुजर रहा है और वहां “फ्रेंडली टेकओवर” हो भी सकता है और नहीं भी। ट्रम्प ने सोमवार (9 मार्च 2026) को फ्लोरिडा के डोरल में आयोजित एक कॉन्फ्रेंस में यह टिप्पणी की।
ट्रम्प ने कहा कि क्यूबा की स्थिति बेहद खराब है और वहां ऊर्जा तथा धन की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो इस मुद्दे को संभाल रहे हैं। ट्रम्प के अनुसार, “यह एक फ्रेंडली टेकओवर भी हो सकता है और शायद न भी हो, लेकिन इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि क्यूबा की हालत बहुत खराब है। वहां न ऊर्जा है और न ही पैसा।”
दूसरी ओर क्यूबा सरकार ने कहा कि अमेरिका के साथ किसी भी उच्च-स्तरीय वार्ता की फिलहाल कोई प्रक्रिया नहीं चल रही है। हालांकि सरकार ने उन रिपोर्टों का पूरी तरह खंडन भी नहीं किया है, जिनमें कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारी क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो के पोते राउल गुइलेर्मो रोड्रिगेज कास्त्रो के साथ अनौपचारिक बातचीत कर सकते हैं।
और पढ़ें: इज़राइल-ईरान युद्ध कब समाप्त होगा? ट्रंप ने कहा निर्णय इज़राइल के पीएम नेतन्याहू के साथ लिया जाएगा
गौरतलब है कि अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के मियामी शहर में बड़ी संख्या में क्यूबाई निर्वासित रहते हैं। इन लोगों का लंबे समय से सपना रहा है कि क्यूबा की मौजूदा सरकार को हटाया जाए या उसका पतन हो। यह सरकार दिवंगत क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो की अगुवाई में स्थापित हुई थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि क्यूबा की मौजूदा आर्थिक और मानवीय स्थिति को देखते हुए अमेरिका की भूमिका और क्षेत्रीय राजनीति आने वाले समय में और महत्वपूर्ण हो सकती है।
और पढ़ें: ईरान में अमेरिकी जमीनी सेना भेजने के संकेत, डोनाल्ड ट्रंप बोले—जरूरत पड़ी तो कार्रवाई करेंगे