ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने वैश्विक स्तर पर करीब 1,000 नौकरियों में कटौती की है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी का असर भारत में भी पड़ा है और नवरात्रि तथा दीपावली से पहले करीब 1,000 कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल 2026 शुरू हो चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी का सबसे ज्यादा असर अमेजन के रिटेल कारोबार पर पड़ सकता है। इसमें स्टोर्स यूनिट भी शामिल है, जो कंपनी की मुख्य ई-कॉमर्स वेबसाइट से जुड़ी गतिविधियों की देखरेख करती है।
कर्मचारियों को क्या बताया अमेजन ने?
रिपोर्ट के अनुसार अमेजन ने कहा कि कंपनी ने अपनी संरचना, प्राथमिकताओं और भविष्य की जरूरतों की समीक्षा के बाद कई पदों को समाप्त करने का कठिन कारोबारी फैसला लिया है।
और पढ़ें: सैम ऑल्टमैन बोले- एआई के कुछ नुकसान झेलने पड़ सकते हैं, लेकिन फायदे ज्यादा होंगे
कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए मुआवजे की व्यवस्था भी बताई है। इसमें मौजूदा रोजगार स्थिति के आधार पर पूरी सैलरी और लाभ के साथ गैर-कार्य अवधि, सेवरेंस पैकेज और ट्रांजिशनल लाभ शामिल हो सकते हैं। इन सुविधाओं में देश और कर्मचारी की स्थिति के अनुसार अंतर हो सकता है।
अमेजन में यह छंटनी पिछले साल से शुरू हुए नौकरी कटौती के सिलसिले का हिस्सा बताई जा रही है। कंपनी ने पिछले साल विभिन्न विभागों में करीब 30,000 नौकरियों में कटौती की थी।
अमेजन अब अपने संसाधनों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और क्लाउड कारोबार की ओर तेजी से स्थानांतरित कर रही है। कंपनी का लक्ष्य ऑटोमेशन के जरिए कार्यक्षमता बढ़ाना और कर्मचारियों की संख्या को अधिक प्रभावी ढंग से प्रबंधित करना है। इसके लिए अमेजन ने पिछले साल अगली पीढ़ी के डेटा सेंटर बनाने पर 100 अरब डॉलर से अधिक निवेश का आवंटन किया था।
अमेजन के सीईओ एंडी जैसी ने कर्मचारियों से एआई बदलाव को अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि एआई को समझने और कंपनी की एआई क्षमताओं को विकसित करने वाले कर्मचारी भविष्य में अधिक प्रभाव डालने की स्थिति में होंगे। जैसी के नेतृत्व में 2022 और 2023 के बीच अमेजन ने करीब 27,000 कॉर्पोरेट पदों में कटौती की थी।
और पढ़ें: एआई अदालतों की मदद कर सकता है, लेकिन जजों की जगह नहीं ले सकता: सीजेआई सूर्यकांत