छत्तीसगढ़ के अभनपुर में महानदी की बाढ़ के बीच पानी में बहकर आ रही शराब की बोतलों को पकड़ने के लिए लोगों की भीड़ पुल पर जमा हो गई। तेज बहाव और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद कई लोग शराब की बोतलें निकालने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आए।
जानकारी के मुताबिक, धमतरी की ओर से महानदी के तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की तरफ पहुंच रही थी। इसकी सूचना मिलने के बाद लोग रायपुर और धमतरी जिलों को जोड़ने वाले सोमवारी बाजार पुल पर पहुंचने लगे। कुछ ही समय में पुल पर काफी भीड़ जमा हो गई।
रस्सी और बांस से बोतल पकड़ने की कोशिश
कुछ लोगों को बांस में जाली लगाकर पानी में बहती बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते देखा गया। कुछ लोग रस्सी और अन्य स्थानीय साधनों का इस्तेमाल करते नजर आए। लोग पुल और नदी के किनारे से बहती शराब की बोतलों को निकालने में जुटे रहे।
और पढ़ें: छत्तीसगढ़ के दूरदराज नारायणपुर में प्रोजेक्ट धड़कन से बच्चों का मुफ्त हृदय उपचार
हालांकि, इस दौरान महानदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव बेहद तेज था। ऐसे में नदी के करीब जाकर बोतलें पकड़ना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता था। जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
प्रशासन की अपील के बीच जोखिम
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदियों, पुलों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोग नदी के काफी करीब तक पहुंचते दिखाई दिए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शराब से भरी प्लास्टिक की बोतलें नदी में कहां से और किस परिस्थिति में पहुंचीं। प्रशासन की ओर से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
और पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद के बाद सांप्रदायिक तनाव, पथराव में 50 से अधिक घायल