विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने अपने जीवन में पहली बार ग्रैमी पुरस्कार जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। 90 वर्षीय दलाई लामा को यह सम्मान “सर्वश्रेष्ठ ऑडियो बुक, नैरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग” श्रेणी में प्रदान किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि शांति, करुणा और मानव एकता के उनके वैश्विक संदेश की भी पुष्टि करती है।
इस प्रतिष्ठित श्रेणी में दलाई लामा का मुकाबला अंतरराष्ट्रीय स्तर की जानी-मानी हस्तियों से था, जिनमें पॉप संगीत जगत से मिली वैनिली के फैब मोरवान, अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस केतनजी ब्राउन जैक्सन, लोकप्रिय शो होस्ट ट्रेवर नोहा और अभिनेत्री कैथी गार्वर शामिल थीं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद दलाई लामा की रचना को निर्णायकों और श्रोताओं ने विशेष रूप से सराहा।
पुरस्कार समारोह के दौरान दलाई लामा की ओर से यह सम्मान प्रसिद्ध संगीतकार रूफस वेनराइट ने स्वीकार किया। यह कार्यक्रम ऑनलाइन मंच पर प्रसारित किया गया, जिससे दुनियाभर के दर्शकों ने इस ऐतिहासिक पल को देखा।
और पढ़ें: द्वितीय वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन 2026 पर दलाई लामा ने दी शुभकामनाएं, करुणा और आंतरिक शांति पर दिया जोर
दलाई लामा की विजेता प्रविष्टि “Meditations: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama” है। यह एल्बम तिब्बती बौद्ध परंपरा की गहन आध्यात्मिक सोच को आधुनिक संगीत के साथ जोड़ता है। इसमें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के प्रभावों के साथ अभिनव सहयोग देखने को मिलता है। एल्बम में दलाई लामा की वर्षों में रिकॉर्ड की गई आवाज़ें शामिल हैं, जिनमें वह माइंडफुलनेस, सामंजस्य, स्वास्थ्य और आंतरिक शांति जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं।
ग्रैमी पुरस्कार मिलने पर दलाई लामा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस सम्मान को कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इसे व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मानवता की साझा जिम्मेदारी की मान्यता के रूप में देखते हैं। उनके अनुसार शांति, करुणा, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और मानवता की एकता की समझ आज आठ अरब लोगों के सामूहिक कल्याण के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके संदेशों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने में सहायक होगा। दलाई लामा की यह उपलब्धि आध्यात्मिक विचारों और कला के संगम का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
और पढ़ें: Xiaomi भारत में 15 नए शहरों में प्रीमियम सर्विस सेंटर्स का विस्तार करेगी