हरियाणा के गुरुग्राम में हुई सनसनीखेज पुलिस मुठभेड़ का वीडियो सामने आया है। वीडियो में गुरुग्राम पुलिस और दीपक नांदल गैंग के बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त गोलीबारी दिखाई दे रही है। इस मुठभेड़ में करीब 60 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक आरोपी घायल हो गया। वहीं, हरियाणा पुलिस के तीन जवान भी इस कार्रवाई में घायल हुए हैं।
यह मुठभेड़ गुरुवार रात सुशांत लोक फेज-2 इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, पांचों बदमाश काली स्कॉर्पियो एसयूवी से पहुंचे थे और एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे विशाल बेरी के घर पर हमला करने की योजना बना रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग से जुड़ा था। पुलिस का दावा है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने विशाल बेरी से रंगदारी मांगी थी। पैसे देने से इनकार करने के बाद उनके घर पर फायरिंग की साजिश रची गई।
और पढ़ें: बिहार में फर्जी डिग्री वाले 3 हजार से ज्यादा शिक्षकों पर गिरेगी गाज, नौकरी से बर्खास्तगी और वेतन वसूली की तैयारी
पुलिस को पहले ही बदमाशों की गतिविधियों की खुफिया सूचना मिल गई थी। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेर लिया और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से करीब 60 राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के बाद सभी पांचों आरोपियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। पांचवें आरोपी का इलाज जारी है। पुलिस ने उसकी पहचान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दीपक नांदल पर हरियाणा में कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। इनमें हरियाणवी गायक फाजिलपुरिया पर हमले की साजिश, उनके अकाउंटेंट की हत्या, उनके मैनेजर के घर पर फायरिंग, गुरुग्राम स्थित एमएनआर बिल्डर के कार्यालय पर गोलीबारी और सूफी गायक बिस्मिल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने जैसे मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य सबूत जुटाने में लगी है। साथ ही गैंग के पूरे नेटवर्क और विदेश में बैठे उसके कथित सरगनाओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
और पढ़ें: करूर भगदड़ पर सीएम विजय का डीएमके पर हमला, बोले- पुलिस हमें भीड़ बढ़ने की जानकारी दे सकती थी