बिहार के चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पटना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने दावा किया है कि उसे खान सर से जान का खतरा है और उसकी हत्या कराई जा सकती है। उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
महिला ने पीरबहोर थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि वह वर्ष 2017 में खान सर से ट्यूशन पढ़ती थी। उसका आरोप है कि वर्ष 2017 से ही उसे परेशान किया जा रहा है। महिला ने यह भी दावा किया कि उसे धमकी दी गई थी कि यदि उसने किसी कथित गोपनीय जानकारी का खुलासा किया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
महिला के मुताबिक, उसे खान सर के एक युवती से कथित संबंधों की जानकारी थी। उसका आरोप है कि खान सर उस युवती के कमरे पर आते थे और वहां लंबे समय तक रुकते थे। महिला का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे पुलिस मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
और पढ़ें: बिहार में शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 3.43 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा
शिकायतकर्ता ने बताया कि यह मामला 2017-18 के बीच का है। हालांकि, हाल के घटनाक्रमों के बाद उसे अपनी सुरक्षा को लेकर दोबारा चिंता सताने लगी। इसी आशंका के चलते उसने पीरबहोर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका बयान दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच शुरू कर दी है। टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका बयान दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उनसे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
और पढ़ें: बिहार राज्यपाल सचिवालय के चार स्टेनोग्राफरों की सेवा समाप्त, दक्षता परीक्षा में लगातार रहे अनुपस्थित