पश्चिम बंगाल में इस साल दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने पूजा समितियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए उद्घाटन, डीजे, विसर्जन, सरकारी अनुदान और यातायात व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ पक्ष शुरू होने से पहले दुर्गापूजा का उद्घाटन करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन करना होगा।
13 प्रमुख सड़कें बंद करने पर रोक
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दुर्गापूजा के नाम पर रेड रोड, स्ट्रैंड रोड समेत कोलकाता की 13 प्रमुख सड़कों को बंद करके आयोजन नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूजा समितियों से यातायात व्यवस्था प्रभावित किए बिना कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी आमने-सामने
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि इस साल पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा। वहीं, पूजा समितियों को बड़ी राहत देते हुए उन्होंने कहा कि इस साल दुर्गापूजा के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
जरूरतमंद समितियों को मिलेगा एक लाख रुपये
शुभेंदु अधिकारी ने बड़े बजट वाली पूजा समितियों से सरकार का अनुदान नहीं लेने की अपील की, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर समितियों को इसका लाभ मिल सके। जरूरतमंद समितियों को सरकार एक लाख रुपये का वैकल्पिक अनुदान देगी। इच्छुक समितियां स्थानीय थाने में आवेदन कर यह राशि प्राप्त कर सकेंगी।
महालया पर ईडन गार्डन में विशेष कार्यक्रम
महालया के अवसर पर कोलकाता के ईडन गार्डन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसमें आमंत्रित किए जाने की बात कही गई है। करीब चार घंटे के कार्यक्रम में ड्रोन शो समेत कई आकर्षण होंगे।
अष्टमी पर शराब की दुकानें बंद
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्गा अष्टमी के दिन सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा आपात सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को पूजा के बाद दो दिन की सवेतन छुट्टी दी जाएगी।
मां दुर्गा की प्रतिमा में 11 हाथ दिखाए जाने के विवाद पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित विज्ञापन एजेंसी को चेतावनी देते हुए इस मामले में माफी मांगी।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल में रहने वालों को वंदे मातरम गाना होगा: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी