ईरान और इज़राइल के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पूर्व ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की शनिवार को इज़राइली हवाई हमले में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमले में उनके कई करीबी सलाहकार और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए।
रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला इज़राइली वायुसेना ने तेहरान में उस इमारत पर किया, जहां अहमदीनेजाद मौजूद थे। बताया जाता है कि उनके सुरक्षा घेरे में शामिल सुरक्षाकर्मी ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सदस्य थे। हमले में पूरी इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा।
अहमदीनेजाद का आवास तेहरान के उत्तर-पूर्वी नरमक इलाके में स्थित है। हमले के बाद भारी तबाही देखी जा सकती है। कुछ रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि हवाई हमले में दो छात्र भी मारे गए। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
और पढ़ें: ईरान संकट: भारत में तेल आपूर्ति पर तत्काल असर नहीं, कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब संयुक्त अमेरिकी-इज़राइली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। दोनों देश एक-दूसरे के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे हैं।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने रविवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि उनका देश “कड़ा जवाब” देगा और क्षेत्र में अमेरिका और इज़राइल के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा। उन्होंने कहा, “हमारे नेता की शहादत वर्षों के बलिदान का परिणाम है।”
मध्य पूर्व में तेजी से बदलते हालात ने क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि संभावित बड़े युद्ध की आशंका भी जताई जा रही है।
और पढ़ें: इज़राइल-ईरान युद्ध पर आज CCS की बैठक, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता