बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यह दर्दनाक दुर्घटना मोतिहारी–बेतिया एनएच-28बी पर फुलवरिया पंचायत के नवका टोला गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन और सवारी से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में लगभग 10 वर्षीय एक बच्चा भी शामिल है, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रही थी, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
और पढ़ें: बिहार में शिक्षकों को कड़ा संदेश: ट्रांसफर के बाद भी पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं—सम्राट चौधरी
सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. रिज़वी ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।
घायलों में शंकर कुमार शर्मा (बेतिया), मनत परवीन (नया टोला), रेफर परवीन और चांद खान (केसरिया) शामिल हैं। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
फिलहाल सभी शवों को मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
और पढ़ें: बिहार में 35 साल पुराना पुल नदी में समाया, आधा दर्जन पंचायतों का सड़क संपर्क टूटा