कर्नाटक के रायचूर जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 18 महीने की बच्ची अपनी मृत मां के शव से लिपटकर रोती मिली। पुलिस ने महिला की हत्या की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय स्नेहा के रूप में हुई है। वह सिंधनूर तालुक के आरएच कैंप-4 की रहने वाली थी और करीब तीन साल पहले अमित नामक व्यक्ति से उसकी शादी हुई थी। दोनों की एक बेटी मेघना है। पिछले कुछ दिनों से स्नेहा अपने माता-पिता के साथ आरएच कैंप-5 में रह रही थी।
शनिवार को आरएच कैंप-5 के एक खेत में स्थानीय लोगों ने स्नेहा का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्नेहा के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं, मेघना अपनी मां के शव से चिपककर रो रही थी। पुलिस को आशंका है कि स्नेहा के सिर पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हुई।
और पढ़ें: कर्नाटक में ट्रैक्टर से टकराई बस, लोहे की सरियों ने ड्राइवर को छेदा; मौके पर मौत
जांच के लिए विशेष टीम गठित
डीएसपी जी. चंद्रशेखर और सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर विनायक बडिगेर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है।
कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में दावा किया गया है कि स्नेहा का पिछले कुछ महीनों से शुभम नामक व्यक्ति के साथ कथित संबंध था। पुलिस ने शुभम और अमित दोनों को हिरासत में लिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। स्नेहा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिंधनूर तालुक अस्पताल भेजा गया है।
और पढ़ें: केपीएससी भर्ती विवाद के बीच डीके शिवकुमार बोले- जांच सबसे पहले होनी चाहिए