रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रजत पाटीदार की अगुवाई वाली टीम ने 29 गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी बेहद कमजोर रही। टीम के कप्तान ऋषभ पंत और निकोलस पूरन सिर्फ एक-एक रन बनाकर आउट हो गए, जबकि एडन मार्कराम ने 12 रन बनाए। हालांकि, अंत में आयुष बदोनी (38 रन) और मुकुल चौधरी (39 रन) ने कुछ संघर्ष दिखाया, जिससे टीम 146 रन तक पहुंच सकी।
बेंगलुरु की ओर से रासिख सलाम डार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने दो विकेट अपने नाम किए। जोश हेजलवुड ने भी पावरप्ले में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
और पढ़ें: IPL 2026: चेन्नई की जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में बदलाव, KKR सबसे नीचे
लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने दमदार शुरुआत दी। उन्होंने 34 गेंदों में 49 रन बनाए और पावरप्ले में मैच की दिशा तय कर दी। उनके आउट होने के बाद रजत पाटीदार (27 रन) और जितेश शर्मा (23 रन) ने तेज बल्लेबाजी जारी रखी। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने टीम को जीत दिलाई।
लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने तीन विकेट लिए, जबकि आवेश खान ने दो विकेट झटके। इस हार के बाद लखनऊ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।
और पढ़ें: IPL 2026: गुजरात टाइटन्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया, बटलर और गिल ने जमाए अर्धशतक