तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग-38 पर थुरैयामंगलम के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलथुर के ओरिवयाल गांव निवासी 38 वर्षीय कार्ति चेन्नई में काम करते थे। वह अपनी पत्नी सूर्या और गांव के दोस्तों के साथ भाई की शादी में शामिल होने अपने पैतृक गांव गए थे। शादी के बाद कार्ति, उनकी पत्नी और दोस्त कार से चेन्नई लौट रहे थे। इसी दौरान थुरैयामंगलम के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रही निजी ओमनी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई।
सूचना मिलने के बाद पेरम्बलूर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। कार में सवार ओरिवयाल निवासी काजा उर्फ कालीश्वरन और रसिकुलम निवासी प्रभाकरण की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कार्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
और पढ़ें: जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत
कार्ति की पत्नी सूर्या, चालक कन्नदासन, जॉन कैनेडी और सरन्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को आगे के इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मामले में बस चालक तूतीकोरिन निवासी राजसीलन से पूछताछ की जा रही है।
और पढ़ें: आंध्र प्रदेश में टायर फटने से हाईवे पर पलटी एपीएसआरटीसी बस, 20 यात्री घायल