भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश और हीटवेव को लेकर ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में मानसून के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि, तब तक उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू (हीटवेव) का असर जारी रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले कुछ दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों को कवर करते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 21 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
और पढ़ें: कानपुर में नाबालिग के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का आरोप, चार गिरफ्तार
दूसरी ओर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक हीटवेव जारी रहने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 'हीट इंडेक्स' 48.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
और पढ़ें: छिंदवाड़ा में बैंक डकैती की कोशिश नाकाम, पुलिस पर सुतली बम से हमला, घायल एसआई ने आरोपी को दबोचा