नई दिल्ली में शुरू हुई बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दिन भारत के युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर-1 चीन के शी यूकी को हरा दिया। 21 वर्षीय शेट्टी ने 73 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में यूकी को 21-14, 13-21, 21-19 से हराकर पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
शेट्टी ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की और पहले गेम में 11-5 की बढ़त बना ली। उनकी तेज कोर्ट कवरेज, शानदार रिट्रीव और आक्रामक स्मैश के सामने यूकी दबाव में दिखाई दिए। चीनी खिलाड़ी की कई गलतियों का फायदा उठाते हुए शेट्टी ने पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया।
हालांकि, दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की। यूकी ने रैलियों को लंबा किया और शेट्टी को लगातार कठिन शॉट खेलने के लिए मजबूर किया। भारतीय खिलाड़ी की गलतियां बढ़ने लगीं और यूकी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
और पढ़ें: अश्मिता चालिहा ने रचा इतिहास, कोरिया मास्टर्स 2026 में जीता पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब
तीसरे गेम में शेट्टी ने धैर्य बनाए रखा और ब्रेक तक 11-5 की बढ़त हासिल की। उन्होंने अपनी बढ़त को 15-5 तक पहुंचा दिया। लेकिन यूकी ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार अंक हासिल किए और स्कोर 20-19 तक पहुंचा दिया। निर्णायक क्षण में शेट्टी ने संयम बनाए रखा और अंतिम अंक हासिल कर करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
शेट्टी इससे पहले इस साल बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच चुके हैं। वह 1965 के बाद ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 2025 में यूएस ओपन सुपर 300 खिताब भी जीता था।
सिंधु की भी शानदार शुरुआत
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने भी टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। नौवीं वरीयता प्राप्त सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को केवल 29 मिनट में 21-7, 21-11 से हराया।
अब सिंधु का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा, जिन्होंने बुल्गारिया की स्टेफनी स्टोएवा को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है।
और पढ़ें: कोरिया मास्टर्स के महिला एकल सेमीफाइनल में पहुंचीं रक्षिता रामराज और अस्मिता चालिहा