फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन की ऐतिहासिक जीत के बाद ट्रॉफी समारोह के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक अजीब स्थिति में फंस गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्पेन ने अतिरिक्त समय में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर अपना दूसरा पुरुष फीफा विश्व कप खिताब जीता।
न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान ट्रंप ने फीफा अध्यक्ष जियानी इंफेंटिनो के साथ मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान की। समारोह से पहले इंफेंटिनो ने घोषणा की थी कि अमेरिका के राष्ट्रपति स्पेन के कप्तान रोड्री को विश्व कप ट्रॉफी सौंपेंगे।
ट्रंप ने रोड्री को प्रतिष्ठित ट्रॉफी सौंप दी, लेकिन इसके बाद जब स्पेन के खिलाड़ी पारंपरिक अंदाज में ट्रॉफी उठाकर जश्न मनाने के लिए एकत्र हुए, तब ट्रंप मंच पर ही खड़े रहे। इस दौरान स्पेन के कप्तान रोड्री ने संकेत देकर उन्हें थोड़ा पीछे हटने का इशारा किया, ताकि टीम अपने ऐतिहासिक पल का जश्न मना सके।
और पढ़ें: 16 साल बाद स्पेन बना फीफा विश्व कप चैंपियन, अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया
कुछ ही देर बाद फीफा अध्यक्ष जियानी इंफेंटिनो भी आगे आए और उन्होंने ट्रंप को मंच से अलग जाने का संकेत दिया। इसके बाद स्पेन के खिलाड़ियों ने अपनी दूसरी विश्व कप ट्रॉफी उठाकर जश्न मनाया।
ट्रंप की मौजूदगी को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया भी देखने को मिली। जब वह इंफेंटिनो के साथ मैदान पर पहुंचे तो स्टेडियम के कुछ हिस्सों से उन्हें हूटिंग का सामना करना पड़ा। हालांकि, पदक वितरण शुरू होने के बाद दर्शकों का ध्यान खिलाड़ियों और ट्रॉफी समारोह पर केंद्रित हो गया।
समारोह के बाद ट्रंप के मंच पर अधिक समय तक रुकने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। कई लोगों ने उस पल को साझा किया, जब रोड्री और बाद में इंफेंटिनो उन्हें मंच से हटने का संकेत देते दिखाई दिए।
हालांकि समारोह का यह पल चर्चा में रहा, लेकिन मैदान पर स्पेन के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। स्पेन ने कड़े मुकाबले में अर्जेंटीना को हराकर 2010 के बाद अपना दूसरा विश्व कप खिताब जीता। कप्तान रोड्री ने करीब 80 हजार दर्शकों की मौजूदगी में ट्रॉफी उठाई और अपने साथियों के साथ शानदार जश्न मनाया।
और पढ़ें: फीफा विश्व कप फाइनल को लेकर केरल सरकार का बड़ा फैसला, 20 जुलाई को शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी