भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में हार के बाद वेस्टइंडीज के दो स्टार खिलाड़ियों रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों को आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उन पर फटकार लगाने के साथ डिमेरिट अंक भी लगाए गए हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 14 रन से हराया और सीरीज में बढ़त हासिल की।
हालांकि, आईसीसी की कार्रवाई का संबंध सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में हुई घटनाओं से है। दोनों खिलाड़ियों ने आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन किया था। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
और पढ़ें: बीसीसीआई ने वेन्यू बदलने की खबरों को नकारा, दिल्ली में ही होगा भारत-श्रीलंका पहला वनडे
पॉवेल और रदरफोर्ड पर क्यों हुई कार्रवाई?
रोवमैन पॉवेल को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों, कपड़ों या मैदान से जुड़ी वस्तुओं के अनुचित इस्तेमाल अथवा दुरुपयोग से संबंधित है।
रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में मयंक यादव ने वेस्टइंडीज की पारी के छठे ओवर में पॉवेल को आउट किया था। इसके बाद पॉवेल ने गुस्से में बल्ले से गेंद को दूर मार दिया था।
वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड को अनुच्छेद 2.8 के तहत दोषी पाया गया। यह नियम अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है। वाइड गेंद का फैसला नहीं दिए जाने पर रदरफोर्ड ने अंपायर के सामने आक्रामक तरीके से नाराजगी जाहिर की थी।
दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ आरोप मैदानी अंपायर जयरामन मदनगोपाल और रोहन पंडित, तीसरे अंपायर नितिन मेनन तथा चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने लगाए थे।
अब हैदराबाद में अगला मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगला टी20 मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी, जबकि वेस्टइंडीज के लिए सीरीज में बने रहने के लिए जीत दर्ज करना जरूरी होगा।
और पढ़ें: निक मैडिनसन ने 10 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी पर बनाया अनचाहा ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड