एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा। भारत की स्टार बल्लेबाज शफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए।
निशिन में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत को शफाली वर्मा और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने छह ओवर में 72 रन की साझेदारी की। स्मृति ने 19 गेंदों में 37 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी उपयोगी पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों पर 40 रन बनाए। शफाली ने पारी के अंत तक मोर्चा संभाले रखा और 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाकर भारत का स्कोर 20 ओवर में 195/4 तक पहुंचाया। बांग्लादेश की ओर से संजिदा अख्तर मेघला सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने एक विकेट लिया।
और पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 में भारत के 10 बड़े गोल्ड मेडल दावेदार, क्रिकेट टीम से मनु भाकर तक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने लगातार विकेट गंवाती रही। नंदनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर नाहिदा अख्तर और रबैया खान को आउट किया। नाहिदा ने चार रन बनाए, जबकि रबैया खाता भी नहीं खोल सकीं।
इसके साथ बांग्लादेश के सात विकेट गिर चुके थे। क्रीज पर शरमिन अख्तर के साथ सुल्ताना खातून मौजूद थीं और टीम को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी।
भारत की नजर फाइनल में जगह बनाने पर है। शफाली का शतक इस मुकाबले में भारतीय पारी का मुख्य आकर्षण रहा।
और पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: नागोया में 2,000 भारतीय एथलीटों की मदद के लिए घर खोलने को तैयार