निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। इन सीटों पर मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को शाम 5 बजे से शुरू होगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
बिहार की 8 सीटों पर चुनाव
बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होगा। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीटों पर मतदान होगा। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होने वाला है।
और पढ़ें: कानपुर देहात की टायर ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूरों की मौत
कर्नाटक में 4 सीटों पर मतदान
कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक, कर्नाटक पश्चिम स्नातक, कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में शामिल हैं।
महाराष्ट्र की 5 सीटें
महाराष्ट्र में पांच विधान परिषद सीटों पर चुनाव होगा। इनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। औरंगाबाद संभाग स्नातक, पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, अमरावती संभाग शिक्षक और पुणे संभाग शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 सीटें
उत्तर प्रदेश में कुल 11 सीटों पर चुनाव होगा। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। चारों राज्यों में चुनाव कार्यक्रम लागू होने के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
और पढ़ें: उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, 16 अक्टूबर को मतदान