भारत की युवा गेंदबाज श्री चरणी ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। वह आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में 817 रेटिंग अंक के साथ दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट का करीब आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
22 वर्षीय श्री चरणी ने एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। मेगन शट ने नवंबर 2018 में 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे, जो लंबे समय तक महिला टी20 गेंदबाजों का सर्वोच्च रेटिंग रिकॉर्ड रहा। अब श्री चरणी ने 817 अंक के साथ यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
भारत के आठवीं बार एशिया कप खिताब जीतने के अभियान में श्री चरणी ने कुल 12 विकेट हासिल किए। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर चार विकेट लिए। भारत ने यह मुकाबला 72 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया था।
और पढ़ें: कर्नाटक में LPG बॉटलिंग यूनिट्स का औचक निरीक्षण, 25% सिलेंडरों में कम गैस मिली
इसके बाद श्री चरणी ने जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। मेजबान जापान के खिलाफ उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 10 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनकी गेंदबाजी ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
22 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ स्वर्ण पदक मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट हासिल किए। भारत ने यह मैच 147 रन से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रदर्शन के बाद श्री चरणी की रेटिंग बढ़कर रिकॉर्ड 817 अंक हो गई।
टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत की दीप्ति शर्मा भी आगे बढ़ी हैं। एशियाई खेलों के फाइनल में तीन विकेट लेने के बाद उनके 754 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 723 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
वहीं, स्मृति मंधाना एशियाई खेलों के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 79 रन की पारी खेलने के बाद टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पांच में लौट आई हैं। वनडे बल्लेबाजी में मंधाना नंबर-1 बनी हुई हैं।
और पढ़ें: बिहार और उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी ने 10 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए