अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि बुधवार तक शांति समझौता नहीं होता है, तो हालात फिर से युद्ध की ओर जा सकते हैं और अमेरिका सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू कर सकता है। ट्रंप ने संकेत दिया कि वर्तमान में जारी अस्थायी युद्धविराम आगे भी जारी रहेगा या नहीं, यह आने वाली बातचीत के नतीजों पर निर्भर करेगा।
एयर फोर्स वन में ट्रंप ने कहा कि मध्य पूर्व में स्थिति को लेकर “कुछ अच्छी खबर” मिली है, लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि स्थिति ठीक दिशा में जा रही है, लेकिन सब कुछ बातचीत पर निर्भर करेगा।”
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यदि ईरान के साथ होने वाली दूसरी दौर की वार्ता में कोई स्थायी समझौता नहीं होता है, तो बुधवार के बाद युद्धविराम बढ़ाया नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी फिलहाल जारी रहेगी, हालांकि परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।
और पढ़ें: अमेरिका–ईरान तनाव पर शी जिनपिंग का चार सूत्रीय प्रस्ताव, संप्रभुता के सम्मान पर जोर
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर बातचीत असफल रहती है, तो हमें फिर से बमबारी करनी पड़ सकती है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने दुनिया की सबसे शक्तिशाली नौसेना के साथ यह नाकाबंदी बनाई है और इसे तब तक जारी रखा जाएगा जब तक ईरान के साथ पूरा समझौता नहीं हो जाता।
इससे पहले एरिज़ोना के फीनिक्स में एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा था कि ईरान से समझौते के तहत उसका समृद्ध यूरेनियम अमेरिका लाया जाएगा, हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस दावे को खारिज कर दिया है।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने इज़राइल और लेबनान के बीच युद्धविराम में मध्यस्थता की है, जिसे उन्होंने “ऐतिहासिक” बताया।
और पढ़ें: अमेरिका–ईरान तनाव बढ़ा, समुद्री नाकाबंदी के बीच दूसरे दौर की वार्ता की संभावना