भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में मुख्य चयनकर्ता के पद को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, अजीत अगरकर की जगह पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को नया मुख्य चयनकर्ता बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। फिलहाल लक्ष्मण बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख हैं और उन्हें इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
अगरकर का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो गया था, लेकिन बीसीसीआई ने उन्हें तीन महीने का विस्तार दिया था, जो सितंबर में खत्म होगा। शुरुआत में माना जा रहा था कि वह 2027 एकदिवसीय विश्व कप तक इस पद पर बने रहेंगे, लेकिन हालिया घटनाक्रम के बाद बोर्ड का रुख बदलता नजर आ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति ने टीम प्रबंधन के साथ रोहित शर्मा के एकदिवसीय भविष्य पर भी चर्चा की थी। ऐसी खबरें आई थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला रोहित के करियर की आखिरी सीरीज हो सकती है। हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था। बाद में रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़कर आलोचनाओं और अटकलों का करारा जवाब दिया, जिसके बाद चयन समिति और टीम प्रबंधन के फैसलों पर सवाल उठने लगे।
और पढ़ें: दो साल बाद सार्वजनिक मंच पर आएंगी शेख हसीना, दिल्ली से करेंगी वर्चुअल संबोधन
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भविष्य पर भी नए चयनकर्ता के आने के बाद दोबारा विचार हो सकता है। अगरकर ने कई बार शमी की फिटनेस पर सवाल उठाए थे, जबकि शमी ने घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
माना जा रहा है कि यदि चयन समिति में बदलाव होता है तो टीम चयन की रणनीति, विशेषकर टेस्ट क्रिकेट में विशेषज्ञ खिलाड़ियों और ऑलराउंडरों के संतुलन को लेकर भी नई सोच देखने को मिल सकती है। हालांकि बीसीसीआई ने अब तक इन रिपोर्टों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
और पढ़ें: यमन तट के पास लाल सागर में भारतीय मालवाहक जहाज पर हमला, 13 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए