अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर चिंता जताते हुए इसे समाप्त करने की अपील की है। ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध कभी खत्म न होने वाला संघर्ष बन गया है और इससे पूरी दुनिया को नुकसान हो रहा है।
ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध में हर महीने करीब 25 हजार लोगों की मौत हो रही है, जिनमें अधिकांश सैनिक हैं। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को रोकना जरूरी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस की डीजल ईंधन उद्योग को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण रूस ने अपनी डीजल ऑयल इंडस्ट्री पर नियंत्रण खो दिया है। उनके मुताबिक, रूस की कई रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया है और वे फिलहाल काम नहीं कर रही हैं।
और पढ़ें: 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका जाएंगे शी जिनपिंग, ट्रंप से व्यापार और एआई पर होगी बातचीत
यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस और यूक्रेन लगातार एक-दूसरे के सैन्य और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। रविवार को यूक्रेन ने रूस पर एक हजार से अधिक ड्रोन से हमला किया। रूस के अनुसार, मॉस्को के आसपास भी बड़ी संख्या में ड्रोन हमले हुए, जिसमें दो लोगों की मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की खबर है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमले में विभिन्न मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि तेल और लॉजिस्टिक सुविधाओं को निशाना बनाया गया, ताकि रूस की युद्ध क्षमता पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जा सके।
इस बीच ट्रंप चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आगामी अमेरिका यात्रा के दौरान होने वाली शिखर वार्ता की तैयारियों में भी जुटे हैं। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, शी 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका की राजकीय यात्रा करेंगे और वाशिंगटन में ट्रंप से मुलाकात करेंगे।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य पर गतिरोध गहराया, ईरान ने अमेरिका की शर्तें पूरी होने तक बातचीत से किया इनकार