अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल के एक पायलट की शादी के कुछ ही घंटों बाद हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
26 वर्षीय डेव फिजी, जो डेल्टा एयरलाइंस में पायलट थे और केरल से जुड़े परिवार से आते थे, अपनी पत्नी जेस्नी के साथ हनीमून के लिए रवाना हो रहे थे। इसी दौरान उनका पांच सीटों वाला रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर डॉसनविले (दॉसन काउंटी) के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर का पायलट भी मारा गया।
डेव फिजी की शादी हाल ही में द रेवरी, डॉसनविले में बड़े धूमधाम से हुई थी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। उनके पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनका बेटा शादी के दिन बेहद खुश था और यह उनके जीवन का सबसे खास दिन था।
और पढ़ें: मेड इन पाकिस्तान रक्षा उत्पाद बनाने के बिलावल भुट्टो के बयान पर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, कराची को डिफेंस हब बनाने का दावा
परिवार के अनुसार, शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर से डेकाल्ब-पिचट्री एयरपोर्ट की ओर जा रहा था, जहां से उन्हें अटलांटा के एक होटल जाना था। लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर एक घने जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह दुर्घटना अटलांटा शहर के स्वामित्व वाली 10,000 एकड़ वन्यजीव प्रबंधन क्षेत्र में हुई। बचाव दल को मलबा ढूंढने में काफी समय लगा।
डेव के पिता ने बताया कि उनकी बहू जेस्नी लगभग 6 घंटे तक मलबे में फंसी रहीं। होश आने पर उन्होंने अपने पति को अपनी गोद में देखा, लेकिन वह पहले ही दम तोड़ चुके थे। जेस्नी पेशे से नर्स हैं और उन्होंने तुरंत समझ लिया कि उनके पति नहीं रहे।
जेस्नी को चोटें आई हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस हादसे की जांच कर रही है।
और पढ़ें: क्या संकट में है उमर अब्दुल्ला सरकार? 3 जून की विधायक बैठक से जम्मू-कश्मीर की राजनीति में बढ़ी हलचल