अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित ओपनएआई के कार्यालय में एक गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने के मामले में संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने 35 वर्षीय सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अल्फोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। वह ओपनएआई का पूर्व इंजीनियर बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने कंपनी के अधिकारियों की गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड करने के उद्देश्य से यह उपकरण लगाया था। हालांकि, अभी अदालत में आरोप साबित नहीं हुए हैं।
ओपनएआई ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से की जांच
कंपनी के कर्मचारियों को 30 सितंबर को नियमित सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों के सम्मेलन कक्ष में अंगूठे के आकार का एक रिकॉर्डिंग उपकरण मिला। आरोप है कि इसे टॉयलेट पेपर में छिपाकर टीवी के पीछे लगे यूएसबी स्लॉट में लगाया गया था। उपकरण में माइक्रोफोन, अलग किया जा सकने वाला कैमरा सेंसर और माइक्रोएसडी स्टोरेज मौजूद था।
और पढ़ें: ओपनएआई ने जारी किए अप्रकाशित फ्रंटियर एआई मॉडल से निकले गणितीय शोध के 372 समूह
ओपनएआई के मुताबिक, उसके आंतरिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) मॉडल ने उपकरण की प्रकृति और उसके स्रोत का पता लगाने में मदद की। कंपनी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि जांच से संकेत मिला कि एक कर्मचारी ने कुछ दिन पहले इसे वहां रखा था।
इसके बाद कंपनी ने एफबीआई को सूचना दी। जांचकर्ताओं के अनुसार, उपकरण लगभग 28 सितंबर को लगाया गया था और उसमें मौजूद सामग्री एन्क्रिप्टेड थी।
एआई चैटबॉट से जानकारी जुटाने का आरोप
जांचकर्ताओं का आरोप है कि अल्फोजान ने 24 से 30 सितंबर के बीच अपनी पत्नी से जुड़े एआई चैटबॉट का इस्तेमाल रिकॉर्डिंग उपकरण बनाने, उसमें बदलाव करने, उसे लगाने, जांचने, छिपाने और दूर से इस्तेमाल करने के तरीके जानने के लिए किया। उसने कथित तौर पर कंपनी के कार्यालयों, बैठकों और अधिकारियों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई।
शिकायत में सीसीटीवी फुटेज का उल्लेख है। इसके अनुसार, अल्फोजान को कई बार उस सम्मेलन कक्ष के आसपास देखा गया, जहां उसे जाने की अनुमति नहीं थी। 5 अक्टूबर को वह कथित तौर पर कमरे में दाखिल हुआ और टीवी के पीछे जांच करता दिखाई दिया।
दूसरा उपकरण भी मिला
अधिकारियों के अनुसार, उसी दिन उसने दूसरे कमरे में एक बैग छोड़ा। सुरक्षा कर्मचारियों को उसमें उसका बटुआ, पहचान पत्र और पहले जैसा एक अन्य एन्क्रिप्टेड रिकॉर्डिंग उपकरण मिला। अभियोजकों का कहना है कि बाद में उसने बैग वापस लिया, लेकिन दूसरे उपकरण का जिक्र नहीं किया।
ओपनएआई ने कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है कि आरोपी ने मॉडल के गोपनीय डेटा, स्रोत कोड या ग्राहकों की जानकारी तक अनुचित पहुंच बनाई अथवा उन्हें बाहर निकाला।
घटना के बाद अल्फोजान को कंपनी से निकाल दिया गया। वह पहले मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और एसएपी में भी काम कर चुका है। दोषी ठहराए जाने पर उसे पांच साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर का जुर्माना और तीन साल तक निगरानी में रिहाई की सजा हो सकती है।
और पढ़ें: सैम ऑल्टमैन बोले- एआई के कुछ नुकसान झेलने पड़ सकते हैं, लेकिन फायदे ज्यादा होंगे