मध्य प्रदेश के दतिया जिले में भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देश पर पुलिस विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। चुनाव आयोग के आदेश के बाद जिले में तैनात 14 पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाकर नई जगहों पर पदस्थ किया गया है। इस कार्रवाई का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बताया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के 26 जुलाई 2026 के पत्र के आधार पर मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने संबंधित अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के तहत कई थाना प्रभारियों और उप निरीक्षकों को नई जगह भेजा गया है। इनमें हरिओम शर्मा को पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। इसके अलावा केहरी परिहार, अमित ओसारे, नीरज कुमार, रचना माहौर, अर्चना पाल और भूपेन्द्र सिंह जाट को भी पुलिस मुख्यालय भोपाल में नई जिम्मेदारी दी गई है।
और पढ़ें: केन-बेतवा परियोजना के विरोध में 15 दिन से जारी आदिवासी आंदोलन पुलिस कार्रवाई के बाद खत्म
नई पदस्थापना सूची के अनुसार मेलीराम उईके को थाना प्रभारी अजाक, जिला दतिया बनाया गया है। वहीं भोजराम भगत को थाना सिविल लाइन दतिया, कौशलेन्द्र सिंह गुर्जर को थाना बड़ौनी दतिया और राजीव बिठोरे को थाना प्रभारी जिगना दतिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा बलराम मांझी को थाना गोराघाट दतिया, भुवनेश शर्मा को थाना प्रभारी धीरपुरा दतिया और हरिकेश बघेल को थाना बड़ौनी जिला दतिया में पदस्थ किया गया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं।
निर्वाचन आयोग की इस कार्रवाई को आगामी चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है। आयोग समय-समय पर चुनाव से जुड़े जिलों में अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना के माध्यम से निष्पक्ष माहौल बनाए रखने के निर्देश देता रहा है।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश में गायब बीएड कॉलेजों की जांच के लिए सरकार ने बनाई समिति