भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन मुकाबला रोमांचक रहा। भारत ने दिन की शुरुआत अपनी पहली पारी के अंतिम विकेट के साथ की और 462 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और भारतीय गेंदबाजों ने उस पर दबाव बना दिया।
सलामी बल्लेबाज निशान मधुशका फर्नांडो बिना खाता खोले आउट हो गए। लाहिरू उदारा इगलागामागे ने 27 रन बनाए। दिनेश चांदीमल और कामिंदु मेंडिस क्रमशः चार और 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं धनंजय डी सिल्वा ने 41 गेंदों पर 21 रन बनाए।
लंच तक श्रीलंका की आधी टीम महज 99 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी और भारत मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था। हालांकि, दूसरे सत्र में श्रीलंका ने शानदार वापसी की। निरोशन डिकवेला और निरोशन सोनल ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया और महत्वपूर्ण साझेदारी की।
और पढ़ें: पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी पर दी राय, पडिक्कल की सेंचुरी के बाद बढ़ी मुश्किल
डिकवेला ने 80 रन, जबकि सोनल ने 100 रन की शानदार पारी खेली। दोनों की पारियों की बदौलत श्रीलंका अपनी पहली पारी में 284 रन तक पहुंचने में सफल रहा। इस तरह वह भारत से 178 रन पीछे रहा।
भारत की ओर से मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने चार विकेट हासिल किए। रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।
बारिश और तेज हवाओं से खेल जल्दी खत्म
श्रीलंका के 284 रन पर ऑलआउट होने के बाद तीसरे दिन के 13 ओवर बाकी थे, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण खेल आगे नहीं बढ़ सका। अब चौथे दिन भारत 178 रन की बढ़त के साथ दोबारा बल्लेबाजी करेगा।
भारतीय टीम अपनी बढ़त को कम से कम 200 रन और बढ़ाकर श्रीलंका के सामने 350 से अधिक रन का लक्ष्य रखना चाहेगी। वहीं श्रीलंका की कोशिश होगी कि गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर मुकाबले को रोमांचक बनाया जाए।
और पढ़ें: एशियाई खेलों में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का होगा खास महत्व, इस बार नहीं अपनाया गया पारंपरिक तरीका