भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
मैच की शुरुआत में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस के दौरान ब्रूक ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही है और उनकी टीम शुरुआती ओवरों से ही भारत पर दबाव बनाकर बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहती है।
इस सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी, लेकिन दूसरे वनडे में कार्डिफ़ में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में दोनों टीमें निर्णायक मुकाबले में पूरी ताकत झोंकने के इरादे से मैदान पर उतरी हैं।
और पढ़ें: सोनम वांगचुक की पत्नी ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग
भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल कर रहे हैं। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं।
वहीं इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और जॉश टंग को जगह मिली है।
क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए कितना बड़ा स्कोर खड़ा कर पाता है और भारतीय गेंदबाज मेजबान टीम को किस तरह नियंत्रित करते हैं। यह मुकाबला तय करेगा कि वनडे सीरीज की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।
और पढ़ें: चार साल के बेटे की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 60 हजार रुपये का जुर्माना