दक्षिण कोरिया के आसान में आयोजित कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। महिला एकल वर्ग में भारत की सात खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि पुरुष एकल वर्ग में सभी छह भारतीय शटलरों को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल मुकाबलों में अनमोल खरब, मानसी सिंह, रक्षिता रामराज, अश्मिता चालिहा, ईशारानी बरुआ, तन्वी शर्मा और श्रियांशी वालिशेट्टी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अगले दौर का टिकट हासिल किया।
अनमोल खरब ने हांगकांग, चीन की लो सिन यान को 16-21, 21-17, 21-12 से हराया। मानसी सिंह ने शानदार वापसी करते हुए दक्षिण कोरिया की किम जू यून को 14-21, 21-19, 21-9 से मात दी। रक्षिता रामराज ने दक्षिण कोरिया की ए योन यू को 22-24, 21-12, 21-13 से पराजित किया। वहीं अश्मिता चालिहा ने जापान की रिरिना हिरामोतो को 22-20, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
और पढ़ें: ग्लासगो से गुजरात पहुंचा राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज, 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी तेज
ईशारानी बरुआ ने दक्षिण कोरिया की ली सो ही को 18-21, 21-15, 21-7 से हराया। तन्वी शर्मा ने चीन की आन ची युआन को 21-16, 21-15 से शिकस्त दी। वहीं श्रियांशी वालिशेट्टी ने चीनी ताइपे की यू पो पाई को 21-15, 21-14 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। हालांकि आकर्षी कश्यप को अंतिम-32 के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की मिन जी किम से हारकर बाहर होना पड़ा।
महिला युगल में सोनाली सिंह और ऋतिका ठाकेर की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया की जी सन बांग और ह्यून जी जांग को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
मिश्रित युगल में छठी वरीयता प्राप्त श्रुति मिश्रा और ईशान भटनागर ने भारतीय जोड़ी सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
पुरुष एकल वर्ग में किदांबी श्रीकांत, मिथुन मंजूनाथ, किरण जॉर्ज, रौनक चौहान, सनीथ दयानंद और तरुण मन्नेपल्ली पहले दौर में ही हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
हालांकि पुरुष युगल में कृष्ण प्रसाद गरगा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की गैर वरीय भारतीय जोड़ी ने शानदार उलटफेर करते हुए थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी चालोएमपोन चारोएनकितामोर्न और वोर्रापोल थोंगसा-न्गा को 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
और पढ़ें: देशभर में मनाया जा रहा विश्व स्तनपान सप्ताह 2026, इस वर्ष की थीम सतत जीवन की शुरुआत के लिए स्तनपान