ईरान के एक युवक द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपील करने के बाद उसकी मौत की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, युवक ने एक वीडियो पोस्ट कर ईरान की सरकार के साथ किसी भी तरह का समझौता न करने की गुहार लगाई थी। बताया जा रहा है कि वीडियो साझा करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
रिपोर्ट के अनुसार युवक की पहचान पौरिया हमीदी के रूप में हुई है, जो दक्षिणी बंदरगाह शहर बुशेहर का निवासी था। लगभग 10 मिनट 44 सेकंड के इस वीडियो में उसने दावा किया कि उसका संदेश ईरान में प्रदर्शनकारियों पर कथित कठोर कार्रवाई को दुनिया के सामने लाने के लिए है। वीडियो में उसने कहा कि यदि लोग यह वीडियो देख रहे हैं तो वह अब इस दुनिया में नहीं है।
अपने 5 फरवरी को पोस्ट किए गए वीडियो में हमीदी ने कहा कि हजारों लोग मारे गए हैं और यह रूस-यूक्रेन तथा इज़राइल-फिलिस्तीन युद्ध से भी अधिक बताया। उसने वीडियो का शीर्षक दिया — “यह मेरा बलिदान है, कृपया मेरे देश को आज़ाद कराएं।”
और पढ़ें: ईरान में विरोध प्रदर्शन: सत्यापित मृतकों की संख्या कम से कम 5,000, अधिकारी का दावा
वीडियो में हमीदी ने सीधे अमेरिकी नेतृत्व से अपील करते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की सरकार के साथ कोई समझौता उन लोगों के साथ विश्वासघात होगा जो मारे गए। उसने कहा कि बिना बाहरी समर्थन के ईरानी जनता इस शासन से नहीं लड़ सकती और विदेशी हस्तक्षेप ही उनकी उम्मीद है।
उसने निर्वासन में रह रहे रेज़ा पहलवी का भी समर्थन किया और कहा कि वे अंतरिम सरकार के लिए बेहतर विकल्प हैं। वीडियो के अंत में उसने फारसी में कहा कि ईरानी लोग अकेले हैं और एक-दूसरे का साथ दें। रिपोर्ट के अनुसार वीडियो पोस्ट करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान में हालिया प्रदर्शनों के बाद दमन तेज बताया जा रहा है।
और पढ़ें: प्रदर्शन प्रभावित ईरान से वाणिज्यिक उड़ानों से लौटे कई भारतीय