दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब एक और बड़े नियम उल्लंघन का खुलासा हुआ है। जिस फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई, उसके पास ही स्थित ग्रीन रेजिडेंसी होटल पर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, इस होटल को केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके मालिक ने नियमों का उल्लंघन करते हुए 28 कमरे बना दिए।
यह होटल आग वाली घटना स्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। दोनों ही होटलों में बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे में मारे गए 21 लोगों में से 17 विदेशी नागरिक थे, जिनमें नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक, बांग्लादेश और लाइबेरिया के नागरिक शामिल हैं। घायलों में भी कई विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
और पढ़ें: एटीएफ मूल्य स्थिरीकरण कोष को कैबिनेट की मंजूरी, एयरलाइंस को मिलेगा 10,000 करोड़ रुपये का सहारा
इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या (कपलिबल होमिसाइड) का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह एफआईआर दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड को लेकर दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, आग बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे हौज रानी इलाके में स्थित होटल में लगी थी। भवन में बेसमेंट सहित कुल छह मंजिलें थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि इमारत का एक ही एंट्री-एग्जिट प्वाइंट था, जिससे बचाव कार्य में बड़ी मुश्किलें आईं।
फायर विभाग के अनुसार, होटल और रेस्तरां दोनों एक ही इमारत में संचालित हो रहे थे। प्रारंभिक जांच में फायर एनओसी की भी गंभीर जांच की जा रही है।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
और पढ़ें: डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, 13 मंत्रियों ने भी संभाली जिम्मेदारी