मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान से जुड़ी एक कथित "बदला सूची" ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। ईरान के राष्ट्रीय अखबार 'हमशहरी' ने 13 वैश्विक नेताओं और अधिकारियों के नाम प्रकाशित किए हैं, जिन्हें कथित तौर पर ईरान अपना निशाना मानता है। इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
यह सूची ऐसे समय सामने आई है, जब ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत का बदला लेने की बात कही है। ईरानी अखबार ने शनिवार को प्रकाशित सामग्री में ट्रंप और नेतन्याहू की तस्वीरों पर निशाने जैसा ग्राफिक दिखाया था।
'बदला सूची' में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख ब्रैड कूपर, इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी, इजरायली रक्षा बलों के प्रमुख आयल जमीर और इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार के नाम भी शामिल बताए गए हैं।
और पढ़ें: कोलकाता एयरपोर्ट की ऐतिहासिक गौरीपुर जामा मस्जिद पर क्यों छिड़ा सुरक्षा विवाद? जानिए पूरा मामला
हालांकि, इस सूची को ईरान सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से जारी या अनुमोदित नहीं किया गया है। मोजतबा खामेनेई ने एक संदेश में कहा था कि बदला लेना ईरानी जनता की इच्छा है और यह किसी एक व्यक्ति के अस्तित्व पर निर्भर नहीं है।
गौरतलब है कि आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत 28 फरवरी को ईरान युद्ध के पहले दिन हुई थी। पिछले सप्ताह उनके गृह नगर मशहद में छह दिनों तक चले अंतिम संस्कार कार्यक्रम के बाद उन्हें दफनाया गया। सुरक्षा कारणों से मोजतबा खामेनेई इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए थे।
इस बीच मध्य-पूर्व में तनाव लगातार जारी है। अमेरिका और ईरान एक-दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। अमेरिका ने ईरान के ड्रोन और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर और क्षेत्र के अन्य देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इस घटनाक्रम पर खाड़ी देशों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
और पढ़ें: नागालैंड में संदिग्ध आईईडी विस्फोट, असम राइफल्स का एक जवान शहीद; चार घायल